रामगढ़ के पतरातू में ठनका से मां-बेटी समेत तीन महिलाओं की मौत, दो गंभीर

पतरातू प्रखंड में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं. मां-बेटी की एक साथ मौत से इलाके में मातम पसरा है.


पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट

Ramgarh News: रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में रविवार को हुई तेज बारिश, गर्जना और आकाशीय बिजली ने बड़ा हादसा कर दिया. अलग-अलग गांवों में खेत में काम कर रही तीन महिलाओं की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजा गया है.

सांकूल गांव में मां-बेटी की एक साथ मौत

जानकारी के अनुसार पतरातू प्रखंड के सांकूल गांव में खेत में काम कर रही रेखा देवी (48), पति भिखू राम और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22), पिता भिखू राम अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं. वज्रपात इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मां और बेटी की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं.

पलानी गांव में भी वज्रपात ने ली एक महिला की जान

इसी दौरान पतरातू के पलानी गांव में भी खेत में काम कर रही तीन महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं. हादसे में सुशांति देवी (30), पति सुरेंद्र उरांव, सुनीता देवी (32), पति अजय उरांव तथा कंचन कुमारी (20), पिता करिवा महली गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के माध्यम से तीनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया.

बारिश के दौरान खेतों में काम कर रहे थे ग्रामीण

रविवार को क्षेत्र में तेज बारिश के साथ लगातार गर्जना और बिजली चमक रही थी. इसके बावजूद कई किसान और मजदूर खेतों में कृषि कार्य में लगे हुए थे. इसी दौरान अचानक हुए वज्रपात ने यह बड़ा हादसा कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

इसे भी पढ़ें: साहिबगंज में एमडीएमए मादक पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार, राधानगर पुलिस की कार्रवाई

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

एक ही दिन में तीन महिलाओं की मौत से पूरे पतरातू क्षेत्र में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बारिश, तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

इसे भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का आदेश: रिटायर कर्मचारी को प्रताड़ित न करे सरकार, चार हफ्ते में दे बकाया राशि


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >