रामगढ़: कैंटोनमेंट बोर्ड रामगढ़ की ओर से स्वच्छ रामगढ़-सुंदर रामगढ़ बनाने के उद्देश्य से नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्रीड़ा स्थल में जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में लोगों ने स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ बोर्ड अध्यक्ष सह ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी, विधायक ममता देवी, सीइओ विवेक सिंह और सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने किया. इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया.
विधायक ममता देवी ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी. उन्होंने कहा कि कैंटोनमेंट बोर्ड स्वच्छता को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल कर रहा है. शहर के विकास के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. सीइओ विवेक सिंह ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर रामगढ़ का निर्माण संभव है. उन्होंने लोगों से घरों का कचरा खुले में नहीं फेंकने और उसे कचरा संग्रहण वाहन में ही डालने को कहा.
नयी पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ देने के लिए सभी को आगे आना होगा : समाजसेवी
बसंत हेमतसरिया ने स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नयी पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ देने के लिए सभी को आगे आना होगा. कार्यक्रम में ब्रिगेडियर, सीइओ, विधायक एवं सांसद प्रतिनिधि को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र जीबू राम, गौतम राम और जमनी देवी को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया.
इसके बाद आठ वार्डों में कचरा संग्रहण के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. कार्यक्रम का संचालन कमल बगड़िया ने किया. धन्यवाद ज्ञापन एसएन राव ने किया. मौके पर अनूप सिंह, इंदरपाल सिंह सैनी, मनजीत साहनी, बंशीधर गोप, अविनाश जायसवाल, अनमोल सिंह, बद्री विश्वकर्मा, रंजीत, पलविंदर सिंह, नीलम देवी, पंकज तिवारी, संजय साव, धनंजय कुमार पुटूस, योगेश सेठी, पुरनी देवी, अनिल पासवान, जेइ पिंटू कुमार, मो. फहीम, शंकर महतो, उमेश प्रजापति, ओम प्रकाश चौहान उपस्थित थे.
