कभी मनोरंजन और खेल का केंद्र था पतरातू का श्रम कल्याण केंद्र, अब बदहाली के साथ नशेड़ियों का अड्डा बना

पतरातू का श्रम कल्याण केंद्र बदहाली और उपेक्षा का शिकार है. स्थानीय लोगों ने जीर्णोद्धार कर इसे पूजा समिति को सौंपने की मांग की है.

पतरातू (रामगढ़). कभी पीटीपीएस क्षेत्र में मनोरंजन समेत खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा श्रम कल्याण केंद्र आज बदहाली और उपेक्षा का शिकार है. देखरेख के अभाव में जर्जर होते भवन और परिसर में अब असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने लगा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र का उपयोग नशापान के लिए किया जा रहा है, जिससे ऐतिहासिक स्थल की पहचान लगातार धूमिल हो रही है.

53 वर्षों से हो रही दुर्गा पूजा, आज भी जुटते हैं श्रद्धालु

श्रम कल्याण केंद्र की एक महत्वपूर्ण पहचान दुर्गा पूजा भी है. परिसर में पिछले 53 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है. पूजा के दौरान आसपास के श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है और पूरे परिसर में उत्सवी माहौल रहता है.

चुनाव के दौरान बनता है आदर्श मतदान केंद्र

श्रम कल्याण केंद्र का उपयोग चुनाव के दौरान आदर्श मतदान केंद्र के रूप में भी किया जाता है. लोकसभा, विधानसभा समेत पंचायत चुनाव में यहां मतदान केंद्र बनाया जाता है. चुनाव के समय प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती हैं.

ताला तोड़कर अंदर घुस जाते हैं असामाजिक तत्व, नशापान का आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार विशेष परिसंपत्ति के कर्मियों द्वारा सूचना मिलने पर कई बार केंद्र में ताला लगाया जाता है, लेकिन शरारती तत्व दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश कर जाते हैं और वहां नशापान करते हैं. इससे भवन की सुरक्षा के साथ-साथ आसपास के वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.

पीवीयूएनएल प्रबंधन या पूजा समिति को सौंपने की मांग

स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया है कि यदि श्रम कल्याण केंद्र को पीबीयूएनएल प्रबंधन या दुर्गा पूजा समिति के हवाले कर दिया जाए तो इसका बेहतर रखरखाव संभव है. समिति की देखरेख में परिसर को व्यवस्थित कर शादी-विवाह सहित सामाजिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए भी उपयोगी बनाया जा सकता है.

जीर्णोद्धार से लौट सकती है पुरानी रौनक

श्रम कल्याण केंद्र पीटीपीएस की शेष परिसंपत्तियों के अधीन रहा है. नियमित देखरेख और रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से केंद्र का जीर्णोद्धार कराने, परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा इसे पुनः खेल, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि उचित पहल होने पर यह ऐतिहासिक स्थल फिर से अपनी पुरानी रौनक हासिल कर सकता है.

ये भी पढ़ें: JSSC CGL मामले में CID की कार्रवाई, कोडरमा में दो जगह छापेमारी; 2 लोगों को साथ ले गई टीम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >