..कलश यात्रा के साथ गरेवाटांड़ में सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ शुरू
कटिया बस्ती पंचायत के गरेवाटांड़ में भगवान शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित सात दिवसीय श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ.
पतरातू. कटिया बस्ती पंचायत के गरेवाटांड़ में भगवान शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित सात दिवसीय श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ. आस्था व भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए. कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी. पीले वस्त्र धारण किए श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कलश यात्रा में चल रहे थे. यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के बीच स्वागत हुआ. इस अवसर पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में शांति, सौहार्द व सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. उन्होंने आयोजन समिति व स्थानीय ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है. महायज्ञ के यज्ञ निर्देशक दामोदर गिरि, यज्ञाचार्य रामप्रवेश उपाध्याय, प्रवचनकर्ता दीपुश अंजनी गोस्वामी के नेतृत्व में यज्ञ का आयोजन हो रहा है. सात दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा समेत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराये जायेंगे. यज्ञ के प्रथम दिन अनुष्ठान में मुख्य यजमान किशोर कुमार महतो, पारिजात कुमारी, वकील महतो, शंभु कुमार, प्रतिमा देवी, योगेंद्र महतो, सुभाष देवी, नरेश महतो, सरस्वती देवी, अजय कुमार व कुंती देवी शामिल हुए.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.