रामगढ़: रामगढ़ अंचल के हल्का संख्या तहसील भवन में रविवार को झारखंड राज्य राजस्व उपनिरीक्षक संघ जिला शाखा रामगढ़ की कार्यकारिणी बैठक हुई. बैठक में संघ के राज्य स्तर के पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद थे. संगठन को मजबूत करने और राजस्व उपनिरीक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी.
इसके बाद सर्वसम्मति से संघ की नयी जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया. इसमें सुखदेव कुमार को संरक्षक, आनंद कुमार को अध्यक्ष, कन्हैया कुमार व राजेंद्र प्रसाद को उपाध्यक्ष, मनोज कुमार को सचिव, दीपक कुमार को संयुक्त सचिव और अमित कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया. वहीं शंभु मिश्रा, रविभूषण ठाकुर, सुरेश महली, शुभम कुमार व कल्याण नायक को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया.
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और राजस्व उपनिरीक्षकों की समस्याओं को उचित मंच पर रखने का संकल्प लिया. बैठक में मुख्य संरक्षक भरत सिन्हा, महामंत्री चंद्रदीप गांधी, राजकुमार सहित अन्य राजस्व उपनिरीक्षक मौजूद थे.
