रामगढ़ में हाथियों का उत्पात, फसलों को रौंदकर किया बर्बाद

चितरपुर में जंगली हाथियों के झुंड ने धान, मकई और बादाम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग ने सतर्क रहने की अपील की.

रजरप्पा रामगढ़ः चितरपुर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. हुटुकदाग और तेवरदाग जंगल से निकलकर पहुंचे करीब 22 हाथियों के झुंड ने आसपास के गांवों के खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया है. हाथियों ने धान, मकई और बादाम की तैयार फसल को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया.

झुंड में 4 शावक भी शामिल

हाथियों के झुंड में चार शावक भी शामिल हैं. फसल नष्ट होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है. ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड रात के समय जंगल से निकलकर खेतों की ओर पहुंच रहा है. खेतों में तैयार फसल देखकर हाथी उसे खाने के साथ-साथ रौंद दे रहे हैं. इससे किसानों की महीनों की मेहनत पल भर में बर्बाद हो रही है.

खेतों और गांव की ओर जाने से डर रहे ग्रामीण

किसानों ने फसलों के नुकसान पर चिंता जताते हुए वन विभाग से मुआवजा देने और हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. हाथियों के लगातार गांवों के आसपास मंडराने से ग्रामीणों में भय का माहौल है. खासकर रात के समय ग्रामीण खेतों और गांव की ओर जाने से परहेज कर रहे हैं. लोगों को आशंका है कि फसलों की तलाश में हाथियों का झुंड आबादी वाले इलाकों में भी प्रवेश कर सकता है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है.

ये भी पढ़ें- सरकार का फैसला: आयकरदाता और सरकारी कर्मचारियों के राशन कार्ड होंगे निरस्त

वन विभाग ने की ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

इधर, रामगढ़ वन क्षेत्र के प्रधान वनरक्षी शंकर उरांव ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है. टीम हाथियों के झुंड की स्थिति और उनकी आवाजाही की निगरानी कर रही है. उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील की है. साथ ही, हाथियों को उकसाने का प्रयास नहीं करने को कहा है.

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की तस्वीर या वीडियो बनाने के लिए उनके पास नहीं जाने की भी अपील की है. विभाग की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू, 14 अगस्त को आएगी मेरिट लिस्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेंद्र कुमार

सुरेंद्र कुमार चितरपुर क्षेत्र से प्रभात खबर के साथ लगभग 30 वर्षों से जुड़ कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. समाचार संकलन के दौरान सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. वह निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >