रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपेार्ट
रामगढ़. पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन एवं मातृसम्मान के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में “एक पेड़ मां के नाम 3.0 – 2026” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया.
ईको क्लब के विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के ईको क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न पौधों का पौधारोपण किया. विद्यार्थियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प लिया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश देखने को मिला.
प्रकृति संरक्षण और मातृसम्मान को जोड़ती है यह पहल : हरजाप सिंह
विद्यालय के प्रधानाचार्य हरजाप सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” प्रकृति संरक्षण और मातृसम्मान को एक साथ जोड़ने वाली एक अत्यंत सुंदर पहल है. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों के जीवन को संवारती हैं, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन को स्वच्छ वायु, छाया और जीवनदायिनी प्रकृति प्रदान करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से इस संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा लगाए गए पौधों की जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने का आह्वान किया.
विद्यार्थियों को दिलाया गया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी सुरक्षा करने का संकल्प दिलाया गया. इस पहल ने विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना को और अधिक मजबूत किया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा के ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 16 सितंबर को ‘विकसित भारत @2047’ थीम पर विशेष पॉडकास्ट का आयोजन
विद्यालय प्रबंधन ने अभियान की सराहना की
विद्यालय प्रबंधन की ओर से गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सम्माननीय सदस्य मनमोहन सिंह लांबा, हरपाल सिंह अरोड़ा, सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, कुलजीत सिंह कालरा, वरिंदर सिंह चंडोक, गुरप्रीत सिंह जॉली, नरेंद्र पाल सिंह गुजराल, पुषविंदर पाल सिंह, गुरदीप सिंह सैनी, सतिंदर सिंह होरा, विक्रमजीत सिंह कोहली, गुरप्रीत सिंह चाना, रमन बेदी एवं करमजीत सिंह जग्गी ने अभियान की सराहना की.
उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है. विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है. एक पौधा केवल धरती पर लगाया गया पौधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वच्छता और हरियाली का उपहार है. कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि प्रेम, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है.
