1. गजेंद्र कुमार पांडेय बने रामगढ़ थाना प्रभारी, 13 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला
रामगढ़ जिले में पुलिस विभाग के 13 पदाधिकारियों का स्थानांतरण व पदस्थापन किया गया है. यातायात थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडेय को रामगढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है. नवीन प्रकाश पांडेय को यातायात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है. पतरातू, बासल, महिला थाना, भुरकुंडा और बरकाकाना में भी प्रभार बदले गये हैं.
2. तीन पंपों की जगह एक से छह इलाकों में जलापूर्ति, 10 हजार लोग परेशान
भुरकुंडा के रिवर साइड क्षेत्र में तीन-चार माह से जलसंकट है. तीन नंबर पोखरिया में तीन पंपों की जगह एक पंप से छह इलाकों में पानी पहुंचाया जा रहा है. अधिक लोड के कारण लोगों को सप्ताह में एक-दो दिन करीब आधे घंटे ही पानी मिल रहा है. व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी है.
3. करमा की पूर्व संध्या पर नोवागढ़ा में गूंजे ढोल-नगाड़े, पारंपरिक झूमर पर थिरके लोग
दुलमी के नोवागढ़ा में आदिवासी समाज की ओर से झूमर सह मिलन समारोह आयोजित किया गया. पारंपरिक वेशभूषा में लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ गहदम झूमर प्रस्तुत किया. गीत-संगीत और नृत्य से माहौल उत्सवमय रहा. बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने शामिल होकर एक-दूसरे को करमा पर्व की बधाई दी.
4. रामगढ़ के सभी थाना-ओपी में चौकीदार परेड, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी थाना और ओपी में चौकीदार परेड हुई. थाना प्रभारियों ने चौकीदारों को अपने बीट क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने और स्थानीय सूचनाएं जुटाने का निर्देश दिया. संदिग्ध गतिविधि या महत्वपूर्ण घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया.
5. रामगढ़ के जैन मंदिरों में उत्तम सत्य धर्म की पूजा, सत्य को आचरण में उतारने का संदेश
दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन रामगढ़ कैंट और रांची रोड स्थित जैन जिनालय में अभिषेक, पूजन और शांतिधारा हुई. मुनिश्री 108 शुभानंद जी महाराज ने कहा कि सत्य को केवल वाणी तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि विचार, व्यवहार और आचरण में भी धारण करना चाहिए.
