रामगढ़: बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. समारोह में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपक कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया.
राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि बीएफसीएल की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण संगठन को मजबूती प्रदान कर रहा है.
परेड बनी मुख्य आकर्षण
समारोह का संचालन चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर आर पी यादव ने किया. इस दौरान एसआईएस और टेक्नो की प्लाटून द्वारा प्रस्तुत सेरेमोनियल परेड कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही. परेड में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की झलक देखने को मिली.
उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को सम्मानित किया गया. सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मियों में गर्व और उत्साह साफ नजर आया. समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण की भावना के साथ हुआ.
