गोला: गोला थाना क्षेत्र के रकुवा गांव में पैसे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कुदाली से हमला करने का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार देर शाम की है. रकुवा निवासी संतोष महतो (42) ने रकुवा टोला बुटगोड़वा निवासी चुरामन महतो पर कुदाली से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है.
घायल संतोष का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में कराया गया. चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया.
संतोष ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार शाम रास्ते से जा रहा था. इसी दौरान चुरामन महतो कुदाली लेकर रास्ते में खड़ा था. आरोप है कि चुरामन ने उससे रुपये के संबंध में पूछताछ की.
संतोष के अनुसार उसने अपनी पत्नी से प्रदीप महतो की मौजूदगी में मदद के तौर पर लिये गये छह हजार रुपये वापस करने की बात कही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान चुरामन महतो ने कुदाली से संतोष के सिर पर वार कर दिया. हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से संतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढें: रामगढ़: राखी बांधने से लेकर झूलों की मस्ती तक, गोला में रक्षाबंधन पर खूब उमड़ा उत्साह
