रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने प्रवीण कुमार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया है. प्राथमिकी में चंदन कुमार, उसकी पत्नी रिमझिम सोनी, बीना देवी और कार्तिक प्रसाद स्वर्णकार को आरोपी बनाया गया है.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दो सितंबर की रात करीब नौ बजे चंदन कुमार और रिमझिम सोनी ने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर प्रवीण की पत्नी सबिता वर्मा के साथ मारपीट की. आरोप है कि महिला के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर हमला करने के साथ उसका गला दबाने का भी प्रयास किया गया.
मोबाइल और घरेलू सामान क्षतिग्रस्त करने का आरोप
प्रवीण के आवेदन के अनुसार आरोपियों ने मोबाइल फोन पटककर तोड़ दिया तथा घर में रखे कंप्यूटर और अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. गले से मंगलसूत्र खींचने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है. घटना के दौरान बीना देवी और कार्तिक प्रसाद पर आरोपियों का साथ देने की बात कही गयी है.
आवेदन में बताया गया है कि किसी तरह घर से बाहर निकलकर 112 नंबर पर सूचना दी गयी. पुलिस के पहुंचने के बाद भी मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया गया है. आवेदन में पूर्व में भी विवाद को लेकर थाना में शिकायत देने का उल्लेख है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
