केदला से वकील चौहान की रिपोर्ट
केदला. रामगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्र के जगेश्वर विहार थाना अंतर्गत तिलैया रेलवे ओवरब्रिज के समीप रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार सहित उसमें रखी 30 बोतल विदेशी शराब जब्त की है.
थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि तिलैया गांव होती हुई रेलवे ओवरब्रिज से एक कार (जेएच 10 एस-5378) में दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब लेकर जा रहे हैं. पुलिस तिलैया स्थित अशोक महतो की चाय दुकान के समीप पहुंची, तो विपरीत दिशा से आ रही कार में सवार दोनों व्यक्ति कार रोक कर जंगल की ओर फरार हो गये.
पुलिस ने कार की जांच की, तो उसमें अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. छापामारी दल में थाना प्रभारी के अलावा पुअनि सुरेश पाहन, सअनि राकेश बंडो, परवेज आलम सहित जैप के जवान शामिल थे. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है.
