रामगढ़: राधागोविंद विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों द्वारा शुक्रवार को नये छात्रों के स्वागत एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम एच-ब्लॉक स्थित वर्कशॉप परिसर में हुआ. शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ किया गया.
सीनियर विद्यार्थियों ने नये छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, तकनीकी एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया. विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता एवं विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि नवप्रवेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ायें. विदाई ले रहे विद्यार्थी अपने ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से जीवन में सफलता के नये आयाम स्थापित करें.
अनुशासन और नवाचार के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा
सचिव प्रियंका कुमारी एवं विभागाध्यक्ष डॉ अवनीश कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, तकनीकी ज्ञान, नवाचार एवं निरंतर सीखने की भावना के साथ शैक्षणिक जीवन की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में बिताये अपने अनुभव साझा किये.
कार्यक्रम में कुलपति प्रो रश्मि, कुलसचिव प्रो निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, प्रो अशोक कुमार, अजय कुमार, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन निशा कुमारी ने किया.
