प्रतिनिधि, रामगढ़. रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार ने गुरुवार को रामगढ़ थाना परिसर से प्रहरी अभियान की शुरुआत की. इस पहल का उद्देश्य जिले में अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी पर रोक, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है. अभियान की शुरुआत शहर में पैदल मार्च के साथ की गयी. एसपी ने कहा कि प्रहरी पहल के तहत तीन बिंदुओं पर विशेष नजर रखी जायेगी. इसमें पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान व एंडी क्राइम चेकिंग है. पैदल गश्ती की पहल के तहत जिला के सभी थाना, ओपी प्रभारी, थाना ओपी में पदस्थापित पदाधिकारी व बल के साथ सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्धारित मार्ग व समय के अनुसार पैदल गश्ती सुनिश्चित करेंगे. इसमें वरीय पुलिस पदाधिकारी की सहभागिता होगी. गश्ती के मार्ग का चयन अपराध की प्रवृति, छेडखानी, अड्डेबाजी, ट्रैफिक की समस्या, अतिक्रमण की समस्या, बाजार या भीड़-भाड़ वाले स्कूल व कॉलेज के आस-पास अवैध पार्किंग व आम जनता से प्राप्त सुझाव के आधार पर 76 मार्गों का चयन किया गया है. इस पहल में नगर परिषद रामगढ़, छावनी परिषद रामगढ़ व अन्य एजेंसी से संबंधित विभाग के पदाधिकारी व कर्मी के साथ समन्वय बना कर सहयोग लिया जायेगा. जिले में अड्डेबाजी के 114 स्थलों को किया गया है चिह्नित : एसपी ने कहा कि मादक व नशीले पदार्थों के सेवन व खरीद व फरोख्त को रोकने, अपराध नियंत्रण और इस पर रोकथाम के लिए जिला पुलिस ने विभिन्न थाना व ओपी के तहत अड्डेबाजी के 114 स्थलों को चिह्नित किया गया है. इन स्थलों को पांच अलग-अलग कलस्टरों में बांटा गया है. प्रत्येक कलस्टर के चिह्नित स्थलों पर छापामारी के लिए थाना व ओपी में छापामारी दल का गठन किया गया है. एसपी ने कहा कि जनता अड्डेबाजी के स्थानों के संबंध में जिला पुलिस के व्हाट्सऐप नंबर 9262998529 पर सूचना दे सकती है. एंटी क्राइम चेकिंग के अभियान के लिए जिला में 69 स्थलों को चिह्नित किया गया है. इसके लिए तीन प्लान बनाये गये हैं. इन स्थलों में चिह्नित प्लान व निर्धारित समय के अनुसार दिन में कम से कम तीन बार एंटी क्राइम चेकिंग की जायेगी. एसपी ने बताया कि सरायकेला में भी इस तरह का अभियान शुरू किया गया था. इसका अच्छा परिणाम देखने को मिला था. उसी को और बेहतर करने की कोशिश है. अभियान में डीएसपी मुख्यालय चंदन वत्स, प्रशिक्षु डीएसपी फौजान अहमद, सार्जेंट मंटू यादव, इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय, यातायात प्रभारी गजेंद्र पांडेय आदि शामिल थे.
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी पहल, जिले में प्रहरी अभियान की शुरुआत
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी पहल, जिले में प्रहरी अभियान की शुरुआत
