पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. रांची जाने वाली मुख्य सड़क पर पीवीयूएनएल मुख्य गेट के समीप अचानक एक पेड़ गिर पड़ा. इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर चल रहे लोग और वाहन चालक अचानक हुए इस हादसे से घबरा गए. पेड़ गिरने के कारण सड़क पूरी तरह जाम हो गई और आवागमन बाधित हो गया. इस दुर्घटना में दो युवक पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गए, जिसमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है.
दो युवक आए पेड़ की चपेट में
जानकारी के अनुसार डाल्टनगंज निवासी अफरोज गेट के पास पार्सल लेने निकले थे. वे टेक्सल कंपनी में कार्यरत हैं. वहीं, अल्फा कंपनी में काम करने वाले ओम प्रकाश सिंह गैस सिलेंडर लेकर जा रहे थे. इसी दौरान अचानक सड़क किनारे का पेड़ गिर पड़ा और दोनों उसकी चपेट में आ गए. हादसे में ओम प्रकाश सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अफरोज को हल्की चोटें आई हैं.
कई बाइक भी पेड़ के नीचे दबे
पेड़ गिरने से केवल लोग ही नहीं, बल्कि सड़क पर खड़ी और गुजर रही कई बाइक भी उसकी चपेट में आ गईं. करीब तीन से चार मोटरसाइकिल पेड़ के नीचे दब गईं. इनमें जेएच 24 ए 7448, जेएच 01 ईएफ 3609, एमएच 34 एयू 4133 और जेएच 24 जे 8958 नंबर की बाइक शामिल हैं. इससे वाहन मालिकों को भी नुकसान का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल पीवीयूएनएल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश सिंह को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. वहीं अफरोज का इलाज पीवीयूएनएल अस्पताल में ही जारी है.
अस्पताल में मीडिया की एंट्री पर रोक
अस्पताल में तैनात डॉ. शैलेश से जब घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीडिया को स्पष्ट रूप से बाहर जाने को कहा. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अस्पताल के अंदर मीडिया के प्रवेश की अनुमति नहीं है. इस रवैये को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में भी चर्चा होती रही.
इसे भी पढ़ें: अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक में दबोचा
प्रशासन ने बहाल कराया यातायात
पेड़ गिरने के कारण मुख्य सड़क पर कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में पीवीयूएनएल प्रशासन ने जेसीवी मशीन की मदद से पेड़ को हटवाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात फिर से सामान्य हो सका.
इसे भी पढ़ें: रांची के भाभानगर में महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर घुमाया, दो आरोपी गिरफ्तार
