तेज आंधी-तूफान से पतरातू में तबाही, कहीं सड़क पर गिरा बिजली तार तो कहीं तोरण द्वार ध्वस्त

Patratu Storm Damage: पतरातू में तेज आंधी-तूफान से भारी नुकसान हुआ है. पेड़ गिरने से सड़क पर बिजली तार टूटकर गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हुआ. कई घरों के छप्पर उड़े और रामनवमी का तोरण द्वार भी क्षतिग्रस्त हुआ. बिजली, पानी और मोबाइल सेवा ठप, प्रशासन बहाली में जुटा है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट

Patratu Storm Damage: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में शुक्रवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई. अचानक बदले मौसम ने पूरे इलाके के आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, बिजली व्यवस्था ठप हो गई और कई जगहों पर सड़क यातायात बाधित हो गया. कहीं पर रामनवमी पूजा के लिए लगाया गया तोरण द्वार गिर गया, तो किसी का मकान क्षतिग्रस्त हो गया.

सड़क पर गिरा पेड़ और बिजली तार

पतरातू थाना के समीप तेज हवा के कारण सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ गिर गया. पेड़ गिरने के साथ ही बिजली का तार भी टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आया. जेसीबी मशीन मंगाकर गिरे पेड़ को हटाया गया, जिसके बाद आंशिक रूप से आवागमन बहाल किया जा सका. हालांकि इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

घरों के छप्पर उड़े, लोगों को हुआ नुकसान

तेज आंधी-तूफान का असर केवल सड़कों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि कई घरों को भी नुकसान पहुंचा. कोतो पंचायत के गंगा महली, हीरामणि देवी, सुनीता देवी और शिवचरण मुंडा के घरों के छप्पर (एडवेस्टेड) तेज हवा में उड़ गए. इससे इन परिवारों को भारी नुकसान हुआ है. स्थानीय लोग अपने स्तर पर नुकसान का आकलन कर रहे हैं और एक-दूसरे की मदद में जुटे हुए हैं.

रामनवमी का तोरण द्वार भी ध्वस्त

आंधी-तूफान का असर धार्मिक आयोजनों पर भी पड़ा. रामनवमी अखाड़ा जाने के लिए बनाया गया तोरण द्वार तेज हवा के कारण गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इससे आयोजन की तैयारियों को झटका लगा है. स्थानीय समिति के सदस्यों को अब दोबारा व्यवस्था करने में काफी मेहनत करनी पड़ रही है.

बिजली, पानी और मोबाइल सेवा ठप

बीती रात से ही पतरातू क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. इसके साथ ही पानी की सप्लाई और मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है. बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मोबाइल सेवा बाधित होने से संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित हुई है.

इसे भी पढ़ें: रामनवमी की खुशियां मातम में बदलीं, जुलूस से लौट रहे युवक को बाइक ने रौंदा, हालत गंभीर

प्रशासन बहाली में जुटा, लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन द्वारा स्थिति को सामान्य करने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं. गिरे पेड़ों को हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. आने वाले दिनों में भी मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला में बिजली सप्लाई की लचर व्यवस्था, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने उठाई आवाज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >