धनेश्वर प्रसाद की रिपोर्ट
कुजू (रामगढ़): कुजू नया बाजार टांड़ में करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया डेली मार्केट शेड इन दिनों प्रशासनिक उदासीनता और योजना की खामियों के कारण अपने उद्देश्य से भटकता नजर आ रहा है. स्थानीय सब्जी विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने तथा मुख्य सड़क (एनएच-33) पर लगने वाली दुकानों से होने वाले अतिक्रमण और जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से बाजार का निर्माण कराया गया था. लेकिन जमीनी स्तर पर इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है.
मार्केट शेड में पर्याप्त संख्या में दुकाननुमा स्थान बनाये गये हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण अधिकांश दुकानदार यहां दुकान लगाने से परहेज कर रहे हैं. नतीजतन मुख्य सड़क के किनारे ही दुकानें लग रही हैं और बाजार को व्यवस्थित करने की योजना प्रभावी नहीं हो पा रही है.
ग्राहकों की कम आवाजाही से बिक्री पर असर
दुकानदारों के अनुसार नया बाजार टांड़ मुख्य सड़क से कुछ अंदर होने के कारण यहां ग्राहकों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहती है. अधिकांश ग्राहक मुख्य सड़क के किनारे से ही खरीदारी कर वापस लौट जाते हैं. ऐसे में डेली मार्केट के अंदर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को बिक्री प्रभावित होने की आशंका रहती है. यही कारण है कि कई दुकानदार मुख्य सड़क के किनारे दुकान लगाना अधिक सुविधाजनक समझते हैं. इससे एक ओर डेली मार्केट खाली रहता है, तो दूसरी ओर मुख्य सड़क पर अतिक्रमण की समस्या बनी रहती है.
ये भी पढ़ें- नेतरहाट जाने वाली सड़क का बुरा हाल, दूसरी बरसात में ही जगह-जगह बने गड्ढे
मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाना बड़ी चुनौती
डेली मार्केट को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में मुख्य सड़क और एनएच-33 के किनारे होने वाला अतिक्रमण सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है. जब तक सड़क किनारे दुकान लगाने की व्यवस्था पर प्रभावी रोक नहीं लगती, तब तक सभी दुकानदारों को डेली मार्केट परिसर में स्थानांतरित करना मुश्किल होगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे दुकानें लगने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है. इससे जाम की स्थिति के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.
अभियान के बाद फिर सज जाती हैं दुकानें
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रशासन की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है. हालांकि अभियान के बाद स्थायी निगरानी और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण कुछ समय बाद सड़क किनारे फिर से दुकानें लग जाती हैं. लोगों का कहना है कि केवल अतिक्रमण हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. दुकानदारों को डेली मार्केट में व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने के साथ वहां जरूरी सुविधाएं भी विकसित करनी होंगी.
सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डेली मार्केट परिसर की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है. लोगों के अनुसार बाजार में बिजली, पानी, शौचालय, जल निकासी, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है. इसके अलावा बाजार परिसर में सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था होनी चाहिए. लोगों ने मुख्य सड़क पर होने वाले अतिक्रमण को प्रभावी तरीके से हटाकर सभी दुकानदारों को डेली मार्केट में व्यवस्थित रूप से बसाने की ठोस नीति बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि सार्वजनिक राशि से तैयार की गयी इतनी बड़ी योजना यदि उपयोग में नहीं आती है, तो यह सरकारी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर सवाल खड़े करता है.
ये भी पढें- गणेश चतुर्थी पर भक्तिमय हुआ गुमला, श्रीगणेश मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
क्या कहती हैं जिला पार्षद
मामले को लेकर मांडू भाग संख्या-3 की जिला परिषद सदस्य दयामंति देवी ने बताया कि नया बाजार टांड़ में बने डेली मार्केट भवन को चालू कराने को लेकर कई बार डीडीसी को लिखित आवेदन दिया गया है. हालांकि अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हो पाई है. उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि उक्त डेली मार्केट को लेकर किसी व्यक्ति द्वारा मामला दर्ज कराया गया है. इसके कारण भी बाजार को चालू करने में देरी हो रही है.
