गोला. गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा पंचायत के हेठबरगा गांव निवासी पूरन पोद्दार (35 वर्ष) का निधन गंभीर बीमारी के कारण 25 मई को पैतृक आवास में हो गया. बताया जाता है कि वह लंबे समय से रिम्स में इलाजरत थे. पूरन पोद्दार बाहर के राज्य में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी. निधन के बाद परिवार संकट में है. परिवार में उनकी पत्नी अर्पिता देवी, दो छोटी पुत्रियां और एक चार वर्षीय पुत्र है. परिवार की देखरेख करने वाला अब कोई नहीं बचा है. इससे पत्नी और बच्चों के सामने जीवनयापन की गंभीर समस्या खड़ी हो गयी है. इस मामले को लेकर बरलंगा पंचायत के पूर्व मुखिया अनुज कुमार ने रामगढ़ विधायक तथा उपायुक्त से परिवार की आर्थिक स्थिति का जायजा लेकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. उन्होंने मृतक की पत्नी को सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए नि:शुल्क शिक्षा एवं अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत देने की मांग की है, ताकि असहाय परिवार को कुछ सहारा मिल सके.
गोला में मजदूर की मौत के बाद परिवार संकट में, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मांग
गोला में मजदूर की मौत के बाद परिवार संकट में, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मांग
