रजरप्पा. कोयला चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बुधवार को रजरप्पा पुलिस और सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की सुरक्षा टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया. गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने चिलमटुंगरी गांव से कुछ दूरी पर छापामारी की. अभियान का नेतृत्व रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक रोहित राज सिंह एवं सीसीएल रजरप्पा के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा ने किया. संयुक्त टीम को मौके से करीब 25 से 30 टन अवैध रूप से जमा कोयला मिला. जेसीबी और टिपर की सहायता से जब्त कोयले को उठा कर रजरप्पा परियोजना के स्टॉक में सुरक्षित रखवाया गया. आशंका जतायी गयी है कि परियोजना क्षेत्र से चोरी कर कोयला यहां जमा किया जा रहा था, जिसे बाद में अन्य स्थानों पर भेजने की तैयारी थी. क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी श्री झा ने बताया कि कोयला चोरी रोकने में स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है. आने वाले दिनों में सीसीएल द्वारा जन जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा.
चिलमटुंगरी से 30 टन अवैध कोयला जब्त
चिलमटुंगरी से 30 टन अवैध कोयला जब्त
