सभी गिरोहों का डेटाबेस तैयार कर उस पर सख्त कार्रवाई करें : डीआइजी रामगढ़. पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रामगढ़ में मंगलवार को उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र हजारीबाग के पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा ने संगठित आपराधिक गिरोहों पर सख्त कार्रवाई को लेकर समीक्षा बैठक की. उन्होंने इस दौरान संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व किसी भी व्यवसायी या संवेदक को मिली धमकी पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया. इस दौरान डीआइजी ने जनवरी 2026 से अब तक जिले में संगठित गिरोहों कि ओर से की गयी फायरिंग, आगजनी, पोस्टरबाजी व धमकी भरे कॉल से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की. बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना व ओपी प्रभारी तथा अनुसंधानकर्ता मौजूद थे. बैठक के बाद पत्रकारों से डीआइजी ने कहा कि गिरोह को सूचना देने वाले स्थानीय तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तेज करने और साक्ष्य के आधार पर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित करने, प्रतिदिन समय और स्थान बदल कर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने, उसकी प्रविष्टि रक्षक ऐप में अनिवार्य रूप से करने, आसूचना तंत्र को मजबूत करने, संगठित अपराधियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने, सभी गिरोहों का डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी के तहत ई प्रिजन के माध्यम से अपराधियों की वर्तमान स्थिति पर नजर रखने व जेल से बाहर आये अपराधियों की गतिविधियों का सत्यापन करने काे कहा. उन्होंने कहा कि मामलों में त्वरित ट्रायल करा कर दोषियों को सजा दिलाना प्राथमिकता होगी. थाना क्षेत्रों के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर स्लाइडिंग बैरियर, सीसीटीवी लगाने, वाहनों की जांच करने, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने की भी बात कही. डीआइजी के आगमन पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार व एएसपी गौरव गोस्वामी ने उनका स्वागत किया.
डीआइजी ने एसपी कार्यालय में संगठित गिरोह पर कार्रवाई की समीक्षा की
सभी गिरोहों का डेटाबेस तैयार कर उस पर सख्त कार्रवाई करें : डीआइजी
