फोटो फाइल : 16 चितरपुर बी - कार्यक्रम में शामिल छात्र - छात्राएं व अन्य दुलमी : रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के कोरचे गांव स्थित जेएस पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विद्यालय परिसर तिरंगे की शान, देशभक्ति के जज्बे और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से सराबोर रहा. कार्यक्रम का शुभारंभ तिरंगा झंडा फहराने और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ. इसके बाद विद्यार्थियों ने एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता), अनुशासन, शिक्षा, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किये.
आधुनिक तकनीक के सही उपयोग पर जोर दिया गया
विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक के सही उपयोग, अनुशासित जीवन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया. स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन के महत्व को दर्शाते हुए विद्यार्थियों ने योग का शानदार प्रदर्शन किया. विभिन्न योगासनों के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पारंपरिक लोक नृत्य, देशभक्ति नृत्य और राजस्थानी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया. विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक पेश की. शुगर बोर्ड की विशेष प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण रही.
'धरती माता बचाओ' नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया
समारोह के प्रमुख आकर्षणों में युवाओं की आवाज और धरती माता बचाओ नाटक रहे. युवाओं की आवाज के माध्यम से युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया. वहीं धरती माता बचाओ नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया. मौके पर विद्यालय की निदेशक उषा देवी, सचिव श्रीकांत सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे. विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को बधाई दी.
