पतरातू. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पतरातू क्षेत्र में कृष्ण भक्ति की धूम रही. क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया. पीटीपीएस पंच मंदिर, जनता नगर शिव मंदिर, शाह कॉलोनी शिव मंदिर, रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर, पतरातू राम-जानकी मंदिर सहित न्यू मार्केट शिव मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए.
न्यू मार्केट में हुआ दही-हांडी का आयोजन
इसी क्रम में भारतीय नवयुवक, न्यू मार्केट के तत्वावधान में न्यू मार्केट शिव मंदिर परिसर में दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन समाजसेवी राहुल कुमार सिंह ने मटकी फोड़कर किया. मटकी फूटते ही पूरा परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ के विनय अग्रवाल लगातार दूसरी बार फेडरेशन झारखंड चेंबर के उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
युवाओं ने उत्साह से लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
युवाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ दही-हांडी प्रतियोगिता में भाग लिया, जबकि बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया. कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य अनिता जैन, आचार्य सत्येंद्र दुबे उपस्थित थे. अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं.
दही-हांडी से मजबूत होता है भाईचारा : राहुल सिंह
इस अवसर पर समाजसेवी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि दही-हांडी जैसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं. ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है.
आयोजन में समिति सदस्यों की रही अहम भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य पुरोहित सुनील पंडित, भारतीय नवयुवक न्यू मार्केट के अध्यक्ष अवधेश कुमार चौरसिया, सचिव संतू सिंह, अरुण शर्मा, निर्मल जैन, मनीष अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, दिनेश प्रसाद, मंटू सिंह, सिद्धार्थ चौरसिया, सुधांशु कुमार, पवन कुमार, लक्की राव, राम सिंह, शुभम कुमार, रोहित सिंह, ललिता देवी, बसंती चौबे, खुशबू सिंह, गौरी कुमारी, अनिकेत कुमार सहित समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
सहयोग के लिए नगरवासियों का जताया आभार
आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी नगरवासियों, श्रद्धालुओं, व्यवसायियों एवं युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, हरिनाम संकीर्तन और कृष्ण-लीला ने बांधा समां
