घाटोटांड़ (रामगढ़): होली क्रॉस स्कूल, वेस्ट बोकारो में अधिष्ठापन समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील वेस्ट बोकारो के चीफ क्वायरी एबी सह स्कूल चेयरमैन राज अंकुर उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत अशोक कुमार महतो की सुरक्षा संबंधी घोषणा से हुई. इसके बाद विजय फ्रांसिस ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया.
समारोह का मुख्य आकर्षण शपथ ग्रहण कार्यक्रम रहा. इसमें मुख्य अतिथि राज अंकुर, विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर सेलिना संगीता बेक, प्रबंधक सिस्टर निर्मला एरगट एवं प्रधानाध्यापिका सिस्टर टेसी ने छात्र-नेताओं को बैज प्रदान कर उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
निवर्तमान स्कूल प्रेसीडेंट सृष्टि मुर्मू ने नये नेताओं को कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की सीख दी. नवनिर्वाचित स्कूल प्रेसीडेंट सृष्टि सिंह ने विद्यालय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
सत्ता हस्तांतरण समारोह के दौरान निवर्तमान कैबिनेट सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियां नव निर्वाचित कैबिनेट को सौंप दीं. प्रधानाचार्या सिस्टर सेलिना संगीता बेक ने नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भाव के महत्व पर बल दिया. नरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
