Ramgarh: भैरवी नदी किनारे चल रही अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस का छापा, एक गिरफ्तार

Ramgarh: रामगढ़ में भैरवी नदी किनारे चल रही अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और कई सामान जब्त किए गए. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh (गोला): गोला थाना क्षेत्र के कमता गांव के समीप भैरवी नदी किनारे रविवार तड़के पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. वहीं चार अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ एवं शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गये.

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को सूचना मिली थी कि भैरवी नदी किनारे अवैध शराब भट्ठी संचालित कर महुआ देशी शराब तैयार की जा रही है. इसकी सप्लाई गोला व रजरप्पा थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही है. सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी.

पुलिस को देख भागने लगे कारोबारी

छापेमारी टीम जब भैरवी नदी किनारे पहुंची तो वहां पांच से छह लोग अवैध शराब निर्माण करते मिले. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश आरोपी जंगल एवं नदी किनारे का फायदा उठाकर फरार हो गये. हालांकि पुलिस ने सिकनी निवासी दशरथ महतो को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सभी मिलकर अवैध शराब बनाकर आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करते थे.

भारी मात्रा में शराब व जावा महुआ बरामद

पुलिस ने मौके से करीब 120 लीटर महुआ देशी शराब, लगभग 600 किलो जावा महुआ, पांच बड़े एल्यूमिनियम तसले, चार ब्लू रंग के जार तथा दो पुरानी साइकिल बरामद की है. मामले में गोला थाना कांड संख्या 59/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गयी है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

छापेमारी दल में सीडीपीओ आलोक रंजन, इंस्पेक्टर पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, एसआई स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, एएसआई संजय गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद एवं पैंथर पुलिस के जवान शामिल थे.

ये भी पढ़ें…

रामगढ़ : पेट्रोल की कीमत में फिर बढ़ोतरी से आम लोग परेशान, घर का बजट प्रभावित

रामगढ़ में मंईयां सम्मान योजना का सत्यापन शुरू, रुके भुगतान से लाभुक परेशान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >