मेडिका में निकाली गयी बिहारी की छाती में फंसी गोली

मेडिका में निकाली गयी बिहारी की छाती में फंसी गोली

:::बिहारी के बयान के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी, अपराधियों को पकड़ने के लिए एसआइटी का गठन. :::अपराधियों ने सीसीएल कर्मी को मारी थी गोली उरीमारी. सयाल जमुरिया बाजार में शनिवार की शाम अपराधियों ने सीसीएलकर्मी बिहारी राम उर्फ बिहारी डोम को गोली मारी थी. गोली बिहारी के सीने में फंसी हुई थी, जिसे रांची के मेडिका अस्पताल में ऑपरेशन के बाद निकाल दिया गया है. अब वे खतरे से बाहर हैं. इधर, भुरकुंडा पुलिस प्राथमिकी के लिए बिहारी के बयान का इंतजार कर रही है. हालांकि, घटना के बाद से पुलिस एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में अपराधियों की धर-पकड़ के लिए एसआइटी का गठन कर छापामारी कर रही है. घटनास्थल के आसपास व अन्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, लेकिन अब तक पुलिस को इसमें कोई विशेष सफलता नहीं मिली है. इधर, इस घटना के बाद सयाल क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. रविवार को जमुरिया बाजार में अपेक्षाकृत कम गहमा-गहमी दिखी. दुकानदार भी अन्य दिनों की अपेक्षा जल्दी दुकान बंद करके घर चले गये. इस घटना के बाद से राहुल दुबे गैंग से किसी तरह से भी जुड़े लोग अंडरग्राउंड हो गये हैं. पुलिस के भय से स्थापित आपराधिक गुट के लोग भी नजर नहीं आ रहे हैं. थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस बहुत जल्द अपराधियों को पकड़ लेगी. ठेकेदारों व ट्रांसपोर्टरों में भी दहशत : इस घटना के बाद त्रिकोणीय आपराधिक गुट में फंसे क्षेत्र के कोयला ट्रांसपोर्टरों व ठेकेदारों में भी दहशत का माहौल है. इनका कहना है कि हमलोग अब तो मैनेज करके भी सुरक्षित रहने में दिक्कत है. नये गुट से समझौता करने को पुराना गुट भी चुनौती के रूप में लेने लगा है. ऐसे में इस क्षेत्र में काम करना काफी मुश्किल हो गया है. यदि यही हाल रहा तो क्षेत्र में कामकाज छोड़ देंगे. जेल में बंद बिहारी के बेटे का रहा है आपराधिक इतिहास : राहुल दुबे गैंग के लिए काम करने के आरोप में हजारीबाग जेल में बंद बिहारी का बेटा शिवराज पूर्व में श्रीवास्तव गुट से भी जुड़ा हुआ था. इस गुट के लिए काम करते हुए उसने पोड़ा गेट में 2024 में कोयला व्यवसायी कृष्णा साव के साला पर गोली चलायी थी. इस आरोप में भुरकुंडा पुलिस ने उसे जेल भेजा था. जेल से छूटने के बाद वह राहुल दुबे गैंग से कनेक्ट हो गया. जमुरिया बाजार गोलीकांड को इस एंगल पर भी देखा जा रहा है. पूर्व में भी इस क्षेत्र में अपराधी के निर्दोष परिवार वालों को टारगेट किया जाता रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >