गोला. गोला अंचल कार्यालय में सोमवार को राजस्व विभाग की ओर से विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीसी आशीष अग्रवाल शामिल हुए. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार का उद्देश्य आम लोगों के जमीन से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करना है. इसे लेकर तीन दिनों तक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि समस्याओं का समाधान हो सके. डीडीसी ने कहा कि शिविर के माध्यम से जमीन का रसीद काटना, दाखिल-खारिज, त्रुटि सुधार, संबंध प्रमाण पत्र सहित राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों का निष्पादन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पादन पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के अंदर किया जाये. सीओ सीताराम महतो ने बताया कि शिविर में दाखिल-खारिज से संबंधित कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें तीन मामलों में शुद्धि पत्र निर्गत किया गया. जबकि 12 आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी है. भूमि माफी से संबंधित एक आवेदन प्राप्त हुआ. इस पर बताया गया कि झारखंड सरकार द्वारा भूमि माफी का पोर्टल फिलहाल बंद कर दिया गया है. वहीं त्रुटि निराकरण एवं रसीद निर्गत को लेकर छह आवेदन प्राप्त हुए. संबंध प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी एक आवेदन जमा किया गया. शिविर समाप्त होने के बाद डीडीसी ने गोला डेली मार्केट का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने किसानों एवं व्यापारियों से बाजार के सुंदरीकरण और सुविधाओं को लेकर बातचीत की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. मौके पर सीआई लक्ष्मण मुंडा, मनोज कुमार, कल्याण नायक, भागीरथ प्रसाद सहित राजस्व विभाग के कई पदाधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद थे.
जमीन दाखिल-खारिज का काम शीघ्र निपटायें : डीडीसी
जमीन दाखिल-खारिज का काम शीघ्र निपटायें : डीडीसी
