गोला. गोला प्रखंड के हुप्पू पंचायत अंतर्गत खोखा एवं लदनाटांड़ गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को वन कार्यालय पहुंचकर वन विभाग से जंगली हाथियों से बचाव के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की. इस संबंध में ग्रामीणों ने वन विभाग को लिखित आवेदन सौंपा. वनरक्षी मनीष शर्मा एवं निलेश पोद्दार को मांग पत्र सौंपा गया.
आवेदन में ग्रामीणों ने गांव के विभिन्न हिस्सों में रोशनी की व्यवस्था के लिए 25 स्ट्रीट लाइट, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिये 25 टॉर्च तथा हाथियों को गांव से दूर भगाने के लिए 20 मशाल उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना रहता है.
रात के समय हाथियों के गांव में प्रवेश करने की आशंका के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है. ग्रामीणों ने कहा कि पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में स्ट्रीट लाइट, टॉर्च एवं मशाल उपलब्ध होने से ग्रामीणों को हाथियों से बचाव में काफी मदद मिलेगी.
उन्होंने वन विभाग से मांगों पर शीघ्र पहल करते हुए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की अपील की है. पत्र सौंपने वालों में ठाकुरदास महतो, रूपलाल महतो, रवि हाजरा, कालिदास महतो, अरविंद कुमार, अमित महतो, अजय महतो, अनूप कुमार, बबलू कुमार सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे.
ये भी पढ़ें: सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा मांडू
ये भी पढ़ें: रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे NHA CEO, डिजिटल हेल्थ को लेकर लिया बड़ा जायजा
