पतरातू से अजय कुमार की रिपोर्ट
Patratu News: झारखंड के पतरातू के औद्योगिक क्षेत्र स्थित बन रही सीमेंट फैक्ट्री में बीती रात अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है. ये घटना बीती रात लगभग दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है, जिसकी सूचना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है.
तीन अपराधी एक स्कूटी पर सवार थे
मिली जानकारी के अनुसार, तीन अपराधी एक स्कूटी पर सवार होकर फैक्ट्री गेट पहुंचे थे. अपराधियों ने पहले फैक्ट्री और आवासीय परिसर के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फिर पर्ची फेंकते हुए मौके से फरार हो गए.
फायरिंग के निशान, धमकी भरा पर्चा बरामद
मुख्य गेट पर छह गोलियों के निशान पाए गए हैं, जबकि आवासीय परिसर गेट पर भी दो गोलियों के निशान मिले हैं. सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद पर्ची में हर हर महादेव के नारे के साथ प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे के नाम का जिक्र करते हुए धमकी दी गई है. हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और जांच जारी होने की बात कही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के साथ आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, बीते 15 दिनों के भीतर इस तरह की चार से पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं. पुलिस द्वारा कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, लेकिन इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता नजर आ रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की तैयारी तेज, कार्यकर्ताओं को बूथ मजबूत करने का संदेश
इसे भी पढ़ें: रांची से ‘फर्जी’ अफसर धराया, सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर लगाता था चूना, 70 लाख की ठगी का खुलासा
