पतरातू के भुइयां टोली में सनसनी : डीआरडीओ के इंजीनियर का शव पेड़ से लटका मिला पतरातू. पतरातू क्षेत्र के भुइयां टोली निवासी कमल किशोर महतो (35) का शव मंगलवार सुबह घर के समीप पहाड़ी पर पेड़ से लटका मिला. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है. मिली जानकारी के अनुसार, कमल किशोर महतो रक्षा विभाग के डीआरडीओ में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी. वह 19 अप्रैल को अवकाश लेकर घर आये थे. परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिन से तनाव में थे. हमेशा नींद नहीं आने की बात कहते थे. ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में टहलते हुआ देखा गया था. रात करीब दो बजे परिजनों की नींद खुलने पर वह अपने बिस्तर पर नहीं मिले. इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की. मंगलवार सुबह घर के समीप पहाड़ी पर पेड़ से उनका शव झूलता हुआ मिला. वह अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे. पत्नी और दो छोटे पुत्र हैं. एक पुत्र की उम्र छह वर्ष और दूसरे की उम्र चार वर्ष है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
पतरातू के भुइयां टोली में सनसनी : डीआरडीओ के इंजीनियर का शव पेड़ से लटका मिला
पतरातू के भुइयां टोली में सनसनी : डीआरडीओ के इंजीनियर का शव पेड़ से लटका मिला
