रजरप्पा. रजरप्पा थाना क्षेत्र के कोइहारा गांव में लंबे समय से सक्रिय डीजल चोरी के संगठित नेटवर्क का सोमवार को खुलासा हुआ. सीसीएल रजरप्पा की सुरक्षा टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर एक घर से लगभग 600 लीटर डीजल बरामद किया. साथ ही 30 गैलन और पाइप भी जब्त किये गये. बताया गया कि सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा को लगातार डीजल चोरी की सूचना मिल रही थी. सूचना की पुष्टि होते ही उन्होंने टीम के साथ गांव में छापेमारी की. बरामदगी से स्पष्ट है कि यह कारोबार लंबे समय से सुनियोजित तरीके से चल रहा था.
कई संदिग्ध मौके से फरार हो गये
छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और कई संदिग्ध मौके से फरार हो गये. आशंका है कि इस नेटवर्क में कई लोग शामिल हैं, जो नियमित रूप से डीजल चोरी कर बाजार में खपाते थे. मौके पर पहुंचे रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक अशोक कुमार ने जब्त डीजल और उपकरणों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाये हैं. उनका कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को पहले क्यों नहीं मिली. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और उम्मीद जतायी जा रही है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा. सुरक्षा पदाधिकारी झा ने स्पष्ट किया कि सीसीएल क्षेत्र में डीजल, कोयला और लोहे की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी और आगे भी अभियान जारी रहेगा.