रामगढ़. रामगढ़ जिले के मांडू में सावन माह के तीसरे सोमवार को मांडू प्रखंड के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र, धतूरा, पुष्प व भांग अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की. मंदिर परिसर पूरे दिन 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंजता रहा.
मांडूडीह स्थित मनोकामना धाम अति प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. मंदिर के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं से विधिवत पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया. बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भी व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की और परिवार की सुख-शांति तथा मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की.
इसके अलावा प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर, थाना परिसर शिवालय, मांडू चट्टी, गरगाली, पुंडी, हेसागढ़ा, बोंगाहारा सहित अन्य गांवों के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा. कई स्थानों पर सुबह से भजन-कीर्तन एवं शिव भक्ति गीतों का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा श्रद्धालुओं के लिए पूजा की समुचित व्यवस्था की गई थी.
ये भी पढ़ें: हेसला गांव में आजादी का जश्न अनोखे अंदाज में, फुटबॉल से म्यूजिकल चेयर तक खूब दिखा उत्साह
ये भी पढ़ें: छात्राओं को सिखाये आत्मरक्षा के गुर, खतरे से बचने की तकनीकों का दिया गया प्रैक्टिकल प्रशिक्षण
