रामगढ़. सावन माह की तृतीय सोमवारी के अवसर पर रामगढ़ शहर के कैथा प्राचीन शिव मंदिर, शंकर शंभू शिवालय नेहरू रोड, रामेश्वरम मंदिर थाना चौक, प्राचीन महादेव मंदिर पुरनी मंडप सहित आसपास के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो दिन चढ़ने के साथ बढ़ता गया.
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र व पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की. मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की. मंदिरों में महिलाओं और युवाओं की संख्या अधिक रही
दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे. भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों व प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्था की गयी थी. तृतीय सोमवारी पर पूरे रामगढ़ शहर में भक्ति व आस्था का माहौल रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति व कल्याण की कामना की.
