रामगढ़. स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं व स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक हुई. बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रगति, पूर्व में दिये गये निर्देशों के अनुपालन व विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने सदर अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था बनाने काे कहा. उपायुक्त ने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा छूटे हुए सभी पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड मिशन मोड में बनाने काे कहा. मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) और डिलीवरी रिपोर्ट की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा. उपायुक्त ने जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे आकस्मिक एवं प्रसव सेवा निर्बाध रूप से संचालित करने काे कहा. उपायुक्त ने पूर्ण टीकाकरण, आभा आइडी निर्माण, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड एवं टीबी मुक्त भारत अभियान में प्रगति लाने काे कहा. बैठक में डीडीसी आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.
स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे बेहतर सेवा उपलब्ध करायें : डीसी
स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे बेहतर सेवा उपलब्ध करायें : डीसी
