पतरातू (रामगढ़): उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, राजस्व प्रशासन तथा जन शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने का निर्देश दिया.
सीएचसी में उपायुक्त ने वार्ड, ओपीडी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से उपचार और दवा की उपलब्धता की जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों को सभी मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार देने, गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना से शत-प्रतिशत जोड़ने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने का निर्देश दिया. दंत ओपीडी के निरीक्षण के दौरान इसे आधुनिक मशीनों और आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित कर 15 अगस्त तक आम जनता के लिए शुरू करने को कहा.
अंचल कार्यालय में उन्होंने आपदा राहत, जन शिकायत, दाखिल-खारिज, लगान वसूली तथा जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों के निष्पादन की समीक्षा की. मीटा पोर्टल और थाना दिवस से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा 30 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर कार्यों में स्पष्ट सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
