गोला: गोला प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व राजीव गांधी की जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष सोनी ने की. मौके पर कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया.
कार्यक्रम में मध्य मंडल क्षेत्र के प्रभारी अमित कुमार महतो विशेष रूप से मौजूद थे. वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक और संचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के साथ शिक्षा व पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किये. उन्होंने युवाओं को देश की प्रगति से जोड़ने तथा भारत को आधुनिक राष्ट्र बनाने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किया.
उनके विचार और योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे. राजीव गांधी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा देश की एकता, अखंडता व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया.
मौके पर राजेश केवट, अब्दुल लतीफ, विजय करमाली, गुड़िया देवी, मोहित कुमार महतो, मोतिलाल महतो, सुषमा देवी, चांदनी कुमारी, गौरी देवी, रविशंकर प्रसाद, मुकुंद कुमार महतो, लक्ष्मण हजाम, विनोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे.
