रजरप्पा. सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा विभाग ने रविवार रात एक टाटा सूमो वाहन को जब्त किया. वाहन में भारी मात्रा में कोयला लदा हुआ था. हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. बताया जाता है कि रात करीब 9:30 बजे सीसीएल के सुरक्षाकर्मियों को सूचना मिली कि कोइहारा बस्ती की ओर से चोरी के कोयले की अवैध ढुलाई की जा रही है. इसके बाद गश्ती दल ने सेक्शन-एक खदान क्षेत्र अंतर्गत ढठवा टांड़ के पास घेराबंदी की. इसी दौरान 44 नंबर स्टॉक के पीछे से एक सफेद रंग की टाटा सूमो ग्रैंड वाहन आती दिखाई दी. सुरक्षाकर्मियों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में कोयला बरामद किया गया. जांच में पता चला कि वाहन को कोयला तस्करी के उद्देश्य से विशेष रूप से मॉडिफाई किया गया था. वाहन पर जेएच-09आर-053 नंबर अंकित था, जिसका अंतिम अंक मिटाया हुआ पाया गया. सूत्रों के अनुसार उक्त टाटा सूमो इसी क्षेत्र के एक तस्कर का बताया जाता है. वाहन से अवैध कोयले को पिछले कुछ दिनों से बंगाल भेजा जा रहा था. उधर, सीसीएल सुरक्षा विभाग ने जब्त वाहन को रजरप्पा थाना को सौंप दिया है. साथ ही इस संदर्भ में मामला दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया है.
.टाटा सूमो से की जा रही थी कोयले की तस्करी, सुरक्षा विभाग ने किया जब्त
.टाटा सूमो से की जा रही थी कोयले की तस्करी, सुरक्षा विभाग ने किया जब्त
