रामगढ़: जिले के कुजू प्रखंड अंतर्गत मंगरदाहा वन भूमि क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन का मामला सामने आया है. सीआईएसएफ की टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर करीब 750 टन अवैध कोयला जब्त किया. जब्त कोयला को सीसीएल तोपा प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया. टीम को मंगरदाहा जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला उत्खनन कर उसे जमा किए जाने की सूचना मिली थी.
भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद
सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने सीसीएल सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया. अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया. मामले को लेकर सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट अजय पांडेय ने कहा कि अवैध खनन से सरकारी खनिज संपदा को भारी नुकसान पहुंचता है. उन्होंने कहा कि इस कार्य में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: सिमडेगा में हाथी हमले में ग्रामीण की मौत, स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम; वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
अभियान में सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर मनोहर बरवा, एल.एस. मिंज, अजित सोरेन, रश्मि, एसआई अनिल कुमार राय, एएसआई सत्येंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल मेटी, अतुल पंत, चेतना कुमारी सहित अन्य जवान शामिल थे. वहीं सीसीएल की ओर से जीएम राजीव कुमार सिन्हा, सेल्स ऑफिसर निलेश कुमार, सुरक्षा अधिकारी तबरेज आलम, जुनैद अंसारी, शंकर राम, रामप्रसाद बेदिया, रमेश रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
अवैध खनन करने वालों में मचा हड़कंप
सीआईएसएफ और सीसीएल की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन मामले की आगे की जांच कर रहा है.
ये भी पढ़ें: राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
