बिहारी ज्वेलर्स लूटकांड मामले में चार अपराधी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

बिहारी ज्वेलर्स लूटकांड मामले में चार अपराधी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

:::गोला थाना क्षेत्र में चार फरवरी को हुई थी लूटपाट, पुलिस कर रही थी छापामारी :::एक कट्टा, आठ एमएम की गोली, मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त बुलेट बरामद. प्रतिनिधि, गोला गोला थाना क्षेत्र में चार फरवरी को हुए ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उक्त बातें बुधवार को एसपी अजय कुमार ने सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. उन्होंने बताया कि यह घटना भेड़ा पुल के समीप उस समय हुई, जब जामुन टोला निवासी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. चार फरवरी की शाम बिहारी प्रसाद स्वर्णकार अपनी मोटरसाइकिल से घर सुकरीगढ़ा लौट रहे थे. इस दौरान, भेड़ा पुल के पास पीछे से आये दो युवकों ने मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर उन्हें रोका. हथियार का भय दिखा कर अपराधियों ने करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी लूट ली. इस संबंध में गोला थाना में मामला दर्ज किया गया था. गौरतलब हो कि बिहारी प्रसाद स्वर्णकार गोला में बिहारी ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं. विशेष जांच दल का किया गया था गठन : रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया. जांच के दौरान विभिन्न साक्ष्य के आधार पर हजारीबाग निवासी दीपक कुमार (21 वर्ष) को रांची से गिरफ्तार कर लिया गया. उसकी निशानदेही पर एक कट्टा, आठ एमएम की गोली, बाली, मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त बुलेट बरामद की गयी. इसके बाद की कार्रवाई में चरही निवासी मो सद्दाम उर्फ छोटू उर्फ मास, चरही निवासी एनुल अंसारी और रजरप्पा निवासी मोइन अंसारी को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया. इनके पास से सात जोड़ी सोने जैसी बाली, दो चेन, चार मंगलसूत्र और एक कार बरामद की गयी. कई अपराधियों का इतिहास अपराध का है : विभिन्न थाना क्षेत्र में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया है. पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों पर लूट, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट व बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं. पुलिस सभी आरोपियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई कर रही है. संबंधित मामलों की जांच जारी है. प्रशासन ने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जायेगा. छापामारी दल में शामिल पुलिस : छापामारी दल में मुख्यालय डीएसपी चंदन कुमार वत्स, इंस्पेक्टर पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, गोला के एसआइ अमित कुमार व कुमार प्रभात रंजन, रजरप्पा के एएसआइ संजय कुमार रजक, गोला के सुरेश कुमार यादव शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >