गिद्दी. अरगड्डा क्षेत्र में बिजली-पानी की लचर व्यवस्था, क्षेत्रीय अस्पताल गिद्दी की बदहाली तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में अरगड्डा महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना व प्रदर्शन किया. भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अरगड्डा महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. मौके पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि अरगड्डा क्षेत्र में बिजली-पानी की आपूर्ति व्यवस्था प्रबंधन की लापरवाही से चरमरा गयी है. इससे मजदूर व आम लोग परेशान हैं. प्रबंधन जनकल्याण के मुद्दे पर दोहरा चरित्र अपना रहा है. आदर्श क्षेत्रीय अस्पताल गिद्दी में पर्याप्त चिकित्सक, दवा व सुविधाओं के कारण मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है. गिद्दी दामोदर पुल का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है. उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी दी कि इस पर अविलंब सुधार नहीं होगा, तो आंदोलन तेज किया जायेगा. अरगड्डा जीएम ने सांसद काे दिया आश्वासन : अरगड्डा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने हजारीबाग सांसद को आश्वासन दिया कि बिजली व पानी की स्थिति में सुधार किया जायेगा. आने वाले 10 माह में आधुनिक फिल्टरेशन प्लांट से पेयजल की आपूर्ति शुरू करायी जायेगी. अरगड्डा महाप्रबंधक ने कहा कि सीसीएल क्वार्टर व कॉलोनियों की दयनीय स्थिति में सुधार किया जायेगा. इसकी अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राजदीप प्रसाद ने की. संचालन रंजीत पांडेय व पुरुषोत्तम पांडेय ने किया. धरना स्थल पर जिप अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, संजीव कुमार बाबला, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, राजीव जायसवाल, पूनम साहू, अनिल मिश्रा, जयनारायण प्रसाद, राजू चतुर्वेदी, करुण सिंह, जुगनू सिंह, सुशांत पांडेय, उमेश दांगी, राजू रंजन पांडेय, प्रो संजय सिंह, विजय जायसवाल, अनमोल सिंह, शिबू मेहता, विजय यादव, भागीरथ ठाकुर, रीमा कुमारी, योगेश कुशवाहा, भीम प्रजापति, मनोज गिरि, सुरेंद्र करमाली, रूपा, धनंजय कुमार पुटुस, बृजकिशोर पाठक, दिलीप सिंह, अजय पासवान, अजय पांडेय, रंजन फौजी, बसंत प्रजापति, सिंकी उपस्थित थे.
अरगड्डा क्षेत्र में बिजली-पानी संकट पर भाजपा का धरना, सांसद ने प्रबंधन को घेरा
अरगड्डा क्षेत्र में बिजली-पानी संकट पर भाजपा का धरना, सांसद ने प्रबंधन को घेरा
