चैनपुर. चैनपुर में बिजली विभाग द्वारा पावर केबल बिछाने के लिए सड़क किनारे खोदे गये गड्ढे में गिर कर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. यहां उसकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, चैनपुर निवासी अनिल कुमार उर्फ रिंकू प्रसाद सोनडीहा बेलाटांड़ स्थित अपनी किराना दुकान बंद कर बुधवार की रात में बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अंधेरे के कारण सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे का पता नहीं चल सका और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गड्ढे में जा गिरी. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी है. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों का आरोप है कि सोनडीहा सब स्टेशन से भुइयांडीह तक 33 हजार वोल्ट के अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य चल रहा है. सड़क किनारे कई जगह गड्ढे खुले छोड़ दिये गये हैं. यहां न तो चेतावनी बोर्ड लगाये गये हैं और न ही सुरक्षा रिबन का उपयोग किया गया है. मिट्टी सड़क पर फैली होने से भी आवागमन में खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्य पूरी तरह लापरवाही से किया जा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्य को रोक दिया. चेतावनी दी कि जब तक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जायेगा, तब तक काम नहीं होने दिया जायेगा. विद्युत विभाग ने कहा जांच होगी : इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता कुजू के प्रभात कुमार ने कहा कि जितनी भी एजेंसी काम कर रही हैं, सभी को सेफ्टी से ही काम करने का निर्देश दिया गया है. सेफ्टी के अनुसार काम नहीं किया गया है, तो जांच की जायेगी.
गड्ढे में गिर कर बाइक सवार घायल, सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश
गड्ढे में गिर कर बाइक सवार घायल, सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश
