रामगढ़. बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) परिसर में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. समारोह के मुख्य अतिथि वरीय महाप्रबंधक दीपक कुमार शर्मा बीएफसीएल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि बीएफसीएल की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है.
देश के औद्योगिक विकास में बीएफसीएल योगदान दे रहे हैं. संचालन आरपी यादव ने किया. इस अवसर पर एसआईएस व टेक्नो की प्लाटून द्वारा प्रस्तुत सेरेमोनियल परेड समारोह का प्रमुख आकर्षण रही. परेड ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया.
इस अवसर पर ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सम्मानित किया गया. समारोह के दौरान सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में कंपनी के वरीय अधिकारी, कर्मचारी व सुरक्षा कर्मी उपस्थित थे.
