कुजू. रेलवे विभाग द्वारा बहेराटांड़ में पुल संख्या 236 को ध्वस्त कर तिलैया – सांडी मार्ग को बंद करने पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध किया. वैकल्पिक मार्ग की मांग करते हुए कार्य को रोक दिया. विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि रेलवे पुल के ध्वस्त होने पर हम सभी ग्रामीणों का सांडी, तिलैया समेत कई गांवों से सीधा संपर्क टूट जायेगा. विद्यार्थियों को विद्यालय आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. विरोध की सूचना पाकर मांडू सीआइ सुभाष कुमार, रेलवे अधिकारी (सीनियर सेक्शन इंजीनियर बरकाकाना) अनिरुद्ध कुमार सिंह समेत कुजू ओपी के अनि अभिनव कुमार, संजय हेंब्रम और वार्ड नंबर एक के पार्षद विश्वेश्वर बेदिया पहुंचे. सकारात्मक पहल को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक की. बैठक में रेलवे पुल संख्या 236 से 239 तक करीब एक किलोमीटर वैकल्पिक मार्ग बनाने की सहमति बनी. गौरव कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार द्वारा पूर्व में बने एप्रोच रास्ते और पुल का जेसीबी से ध्वस्तीकरण कार्य प्रारंभ किया गया. इधर, रेलवे अधिकारी अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व रामगढ़ डीसी को रेलवे पुल संख्या 236 का तोड़ने के लिए मुख्य उप अभियंता बरकाकाना के द्वारा पत्र प्रेषित किया गया था. शनिवार को ठेकेदार द्वारा पुल ध्वस्त कार्य किया जा रहा था. कुजू रेलवे स्टेशन से रांची रोड स्टेशन तक हो रहे दोहरीकरण कार्य के दौरान पास बने निर्मित पुल पर एप्रोच सड़क निर्माण के लिए दो एकड़ भूमि का अधिग्रहण होते हुए आवागमन शुरू करा दिया जायेगा. विरोध करने वालों में सुखलाल मांझी, करमा मांझी, राज किशोर बेसरा, राज हेंब्रम, चारों मांझी, फागू मांझी, श्यामलाल मांझी, शंकर मुर्मू, मनोज कुमार बेसरा, राजू बेसरा, सानू मांझी, माना मांझी मौजूद थे.
बहेराटांड़ में पुल संख्या 236 को ध्वस्त करने का विरोध, काम रोका
बहेराटांड़ में पुल संख्या 236 को ध्वस्त करने का विरोध, काम रोका
