पतरातू डैम प्रदूषण मामले में बीडीओ ने लिया संज्ञान, कचरा व गंदे पानी पर जतायी नाराजगी

पतरातू डैम प्रदूषण मामले में बीडीओ ने लिया संज्ञान, कचरा व गंदे पानी पर जतायी नाराजगी

प्रभात खबर में पतरातू डैम पर प्रदूषण का संकट शीर्षक से छपी खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया पतरातू. प्रभात खबर में बुधवार को पतरातू डैम पर प्रदूषण का संकट शीर्षक से छपी खबर पर संज्ञान लेते हुए पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने डैम क्षेत्र व आसपास संचालित रिसोर्ट का निरीक्षण किया. उन्होंने डैम के आसपास की स्थिति का जायजा लिया. प्रदूषण से जुड़ी कई गंभीर पहलुओं को देखा. बीडीओ ने पाया कि रिसोर्ट में आयोजित होने वाले शादी-विवाह व अन्य कार्यक्रमों के बाद बचा हुआ भोजन व कचरा सीधे डैम क्षेत्र में फेंका जा रहा है. इसके अलावा कार्यक्रमों से निकलने वाला गंदा पानी भी सीधे डैम के जल में प्रवाहित किया जा रहा है. इससे जल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बढ़ गयी है. बीडीओ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि डैम के पानी के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने मामले की सूचना वरीय पदाधिकारियों को देने की बात कही. पीटीपीएस संपदा विभाग के प्रशासक से दूरभाष पर संपर्क कर डैम से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की. बताया गया कि पतरातू डैम का निर्माण मूल रूप से पावर प्लांट व कॉलोनी क्षेत्र की जलापूर्ति के उद्देश्य से किया गया था. बाद में इसी डैम से सिख रेजिमेंट रामगढ़ कैंट व सीसीएल बरका-सयाल क्षेत्र में भी पेयजल आपूर्ति की जाती रही है. ऐसे में डैम की स्वच्छता बनाये रखना अत्यंत आवश्यक है. जल प्रदूषण पर लगे तत्काल रोक : पूरन साहू. भाकपा के वरिष्ठ नेता पूरन राम साहू ने डैम में बढ़ते प्रदूषण पर कहा कि इस डैम में वर्षा जल को स्टॉक किया जाता है, लेकिन डैम के भीतर केज निर्माण, मोटर बोट संचालन व रिसोर्ट से फेंके जा रहे कचरे के कारण पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है. उन्होंने इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की. सुनिश्चित हो जल की सुरक्षा : जयप्रकाश. कांग्रेस नेता जयप्रकाश सिंह ने कहा कि यह डैम क्षेत्र की जीवनरेखा है. इससे लाखों लोगों को पेयजल उपलब्ध होता है. यदि समय रहते प्रदूषण पर रोक नहीं लगायी गयी, तो भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से डैम क्षेत्र में कचरा फेंकने, गंदा पानी छोड़ने व अनियंत्रित गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >