भुरकुंडा (रामगढ़). भुरकुंडा कोयलांचल क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल देखने को मिली. बैंक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकजुट होकर आवाज बुलंद की. कोयलांचल के एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं.
5 दिवसीय बैंकिंग कार्य की मांग
मुख्य मांगों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है. कर्मचारियों का कहना है कि शनिवार और रविवार अवकाश हो तथा सोमवार से शुक्रवार तक बैंकिंग कार्य संचालित किया जाए.
कार्यभार और लाभ में अंतर समेत लंबित मुद्दों पर विचार की मांग
इसके अलावा कर्मचारियों ने निचले और ऊपरी स्तर के कर्मचारियों के कार्यभार, कार्यशैली और लाभ में दिखाई देने वाले अंतर सहित अन्य लंबित मुद्दों पर भी सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की है.
1000 दिनों से फैसले का इंतजार, अब तक ठोस पहल नहीं
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर वे लगभग 1000 दिनों से निर्णय का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है.
मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल का संकेत
बैंक कर्मचारियों ने साफ संकेत दिया है कि यदि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर जल्द विचार कर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आने वाले समय में अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता भी अपनाया जा सकता है. बैंक कर्मचारियों की यह हड़ताल सिर्फ छुट्टी की मांग नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार से निर्णय लेने की बात कही गयी.
ये भी पढ़ें: कभी मनोरंजन और खेल का केंद्र था पतरातू का श्रम कल्याण केंद्र, अब बदहाली के साथ नशेड़ियों का अड्डा बना
