रामगढ़(पतरातू). पतरातू प्रखंड के सरैया टोला निवासी महेश प्रसाद की बेटी अंजलि रानी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पतरातू सहित पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में अंजलि ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
देश के विभिन्न राज्यों से 200 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
अंजलि के कोच अखलाख खान ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. कड़े मुकाबले के बीच अंजलि ने 82 किलोग्राम वर्ग की फुल पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कुल 352 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक जीता. इसके अलावा साइड बेंच में 60 किलोग्राम तथा डेडलिफ्टिंग में 162.5 किलोग्राम वजन उठाकर भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में आंदोलन को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुबह से वाहन चेकिंग अभियान शुरू, छात्रों पर विशेष नजर
पूरे पतरातू क्षेत्र में खुशी की लहर
अंजलि की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही सरैया टोला सहित पूरे पतरातू क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों समेत ग्रामीणों ने कहा कि अंजलि ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय मंच पर क्षेत्र का मान बढ़ाया है. उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
ये भी पढ़ें: महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष संयुक्त मोर्चा ने एकदिवसीय महाधरना-प्रदर्शन किया
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करेंगी क्षेत्र का नाम रोशन
अंजलि के शानदार प्रदर्शन पर पिता महेश प्रसाद, गजानंद प्रसाद, गायत्री देवी, प्रभात कुमार, सिमरन कुमारी, अविनाश कुमार, जिला पार्षद राजाराम प्रजापति, संजय गुप्ता, धीरज कुमार, श्रीकांत प्रसाद, हरिहर प्रसाद, चक्रधर प्रसाद, विनोद प्रसाद, नरेंद्र प्रसाद, सुधीर प्रसाद ने बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया. लोगों ने अंजलि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी.
