छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सभी सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए : उपायुक्त

शिक्षा विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई.

समाहरणालय में डीसी की अध्यक्षता में अधिकारियों की हुई बैठक, कई मुद्दों पर विचार रामगढ़. शिक्षा विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने व विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी प्रखंडों में संचालित सरकारी विद्यालयों की स्थिति, नामांकन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, मध्याह्न भोजन योजना, पुस्तक वितरण, बैग वितरण व छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा की. विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने व विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई व भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में विद्यालयों में संचालित स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय व्यवस्था, खेलकूद गतिविधियों व डिजिटल शिक्षा से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली गयी. उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित विद्यालय निरीक्षण करने व बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. प्रखंड स्तर पर परिवर्तन दल का गठन करें : उपायुक्त शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय परिवर्तन दल की बैठक गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में किया गया. बैठक में जानकारी दी गयी कि जिला स्तर पर परिवर्तन दल का गठन कर लिया गया है. इस संबंध में उपायुक्त के द्वारा प्रखंड स्तर पर परिवर्तन दल का गठन करने का निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान जिला स्तरीय परिवर्तन दल के सदस्यों के द्वारा शिक्षा संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को सभी के समक्ष रखा गया. जिस पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्वक कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. परिवर्तन दल के माध्यम से जिले के अलग-अलग क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले शिक्षकों को चयनित कर एक टीम का गठन किया जाता है जिनके माध्यम से विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर सुधारात्मक कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध करायी जाती है. पंचायत भवनों के मरम्मती का जांच रिपोर्ट जल्द दें : उपायुक्त रामगढ़: जिले के पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मती कार्यों की समीक्षा बैठक गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गयी. बैठक में जिला प्रशासन द्वारा पंचायत भवनों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा की गयी. बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी पंचायत भवनों में पानी रिसाव, भवनों की क्षतिग्रस्त स्थिति, विद्युत व पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई है. आमजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ यहीं से उपलब्ध कराया जाता है. ऐसे में पंचायत भवनों का सुचारू व व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना जरूरी है. उपायुक्त ने सभी सहायक अभियंताओं व कनीय अभियंताओं को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से पंचायत भवनों का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान भवनों में आवश्यक मरम्मती व विकास कार्यों का आकलन करते हुए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर एक सप्ताह में जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash nath

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >