रामगढ़. डीवीसी ग्रिड ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस डिवीजन सात, रामगढ़ ने मंगलवार को रामगढ़ सब स्टेशन परिसर में उपभोक्ता अधिकार व कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया. कार्यक्रम में डिवीजनल इंचार्ज डीवीसी अभिक राज, चेयरमैन सह मेंबर सीजीआरएफ मैथन कल्पना हजारिका, मेंबर सीजीआरएफ मैथन के योगेंद्र प्रसाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रामगढ़ के प्रतिनिधि रामजी, उप मुख्य कानूनी सहायता रक्षा के वकील अभिनव कुमार, सहायक कानूनी सहायता के रक्षा वकील सहित डीवीसी अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया. शिविर में उपभोक्ताओं को सही मीटर लगाने का अधिकार, समय पर व सही बिजली बिल प्राप्त करने का अधिकार, गलत बिल सुधार की प्रक्रिया, अनावश्यक बिजली कटौती से सुरक्षा व शिकायतों के त्वरित समाधान के अधिकार की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में बताया गया कि यदि किसी उपभोक्ता की शिकायत स्थानीय स्तर पर नहीं सुनी जाती है, तो वह कंज्यूमर ग्रीवांस रिड्रेसल फोरम के समक्ष शिकायत कर सकता है. उपभोक्ताओं को साइबर फ्रॉड व ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया. अधिकारियों ने लोगों से किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ओटीपी साझा नहीं करने व केवल आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करने की अपील की. वक्ताओं ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित उपभोक्ता होता है. उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए.
साइबर फ्रॉड से बचाव और उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी
साइबर फ्रॉड से बचाव और उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी
