रामगढ़. नगर परिषद रामगढ़ के विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में रामगढ़ बैठक हुई. बैठक में साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लंबित योजनाओं, टाउन प्लानिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), डीएमएफटी, जलापूर्ति व एसटीपी निर्माण सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.
नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए सभी सिटी मैनेजरों को प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण व अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया. आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मीटा पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने हेतु मोबाइल एप विकसित करने को कहा गया. व्यावसायिक क्षेत्रों में भी नियमित साफ-सफाई का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया.
सीएसआर के 15 कर्मियों को सभी वार्डों में तैनात कर स्वच्छता अभियान चलाने तथा समाहरणालय पार्क की सफाई कराने का निर्देश दिया गया. सितंबर तक लंबित योजनाएं पूरी करने का निर्देश: कार्य में लापरवाही या विलंब करने वाले संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया. अवैध निर्माण पर कार्रवाई: बिना अनुमति या नियमों के विपरीत बने भवनों को नियमानुसार सील करने का निर्देश दिया गया.
पीएमएवाइ-यु की प्रगति 90 प्रतिशत करने का लक्ष्य: वर्तमान 82 प्रतिशत उपलब्धि को बढ़ाकर 90 प्रतिशत करने को कहा गया. पूर्ण डीएमएफटी योजनाओं का उद्घाटन वार्ड पार्षदों के माध्यम से कराने का निर्देश दिया गया. जलापूर्ति और एसटीपी निर्माण में तेजी, जुडको को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.
ये भी पढ़ें: Ramgarh: JPSC-SSC अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच रामगढ़ में पुलिस की कड़ी निगरानी
ये भी पढ़ें: रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे NHA CEO, डिजिटल हेल्थ को लेकर लिया बड़ा जायजा
