उरीमारी (रामगढ़): सयाल स्टाफ वन-बी स्थित सयाल शिव मंदिर के समीप बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट से सीसीएलकर्मी राज कुमार प्रसाद के घर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया. हालांकि, घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गये, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. वहीं, रामगढ़ फायर ब्रिगेड की टीम सुबह करीब पांच बजे मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई. इसके बाद सीसीएल की दमकल गाड़ी भी करीब सात बजे घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने के अभियान में शामिल हुई.
ये भी पढ़ें- ABVP प्रदर्शन में पुलिस से भिड़े युवक, थाना प्रभारी की वर्दी फाड़ने का आरोप
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग पर काबू पाने के लिए सयाल के समाजसेवी वीरेंद्र पासवान, प्रवीन सिंह, रमेश राय, मंटू राय, राजीव सिन्हा, नीरज राणा, श्रीकांत बैरा, हीरालाल महतो, विनय यादव सहित कई स्थानीय लोग भी मौके पर डटे रहे. स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका. परिजनों के अनुसार, अगलगी की इस घटना में घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, जरूरी दस्तावेज समेत घरेलू उपयोग की लगभग सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 20 से 22 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
घर का पूरा सामान जलकर खाक
परिजनों और स्थानीय लोगों ने सीसीएल की दमकल सेवा को लेकर नाराजगी जताई. उनका आरोप है कि सीसीएल की दमकल गाड़ी काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची. यदि दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता, तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और घर में रखा काफी सामान बचाया जा सकता था. लोगों ने सीसीएल प्रबंधन से आपात स्थिति में दमकल सेवा की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. घटना के बाद आसपास के लोगों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. आग में घर का लगभग पूरा सामान जल जाने से परिवार के सामने बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है. ये भी पढ़ें- बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से की चेन छिनतई, थाना में केस दर्ज
