रामगढ़ : भुरकुंडा में अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन ने इसकी तैयारी भी कर ली. भुरकुंडा के स्थानीय दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध किया है. इन दुकानदारों के समर्थन में भाजपा भी शामिल हो गयी है. बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष पप्पू बनर्जी ने पत्रकार सम्मेलन कर कहा कि भुरकुंडा के लोगों से मिलने के लिए भाजपा की टीम गयी थी. इसमें जिलाध्यक्ष पप्पू बनर्जी, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो व स्थानीय भाजपा नेता शामिल थे.
लोगों से मिलने के बाद भाजपा व स्थानीय लोगों को प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ उपायुक्त से मिला था. प्रतिनिधिमंडल ने 60 फुट की जगह 40 फुट ही रास्ता अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि यह मामला हमारे स्तर का नहीं है. आप लोग स्मारपत्र दें, उसे सरकार के पास भेजा जायेगा.
श्री बनर्जी ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा व केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा को दी गयी है. यशवंत सिन्हा ने कहा है कि 14 फरवरी से पूर्व अगर प्रशासन कुछ रास्ता नहीं निकालेगा, तो 14 फरवरी को भुरकुंडा में लोगों के साथ वे बात करेंगे. पत्रकार सम्मेलन में कई भाजपा नेता मौजूद थे.
